नारनौल हरियाणा

अधिकारियों की बैठक लेते सीटीएम डॉक्टर मंगल सेन।
11 नवंबर को कादीपुर से मंढाणा तक पदयात्रा
देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित ‘सरदार@150 एकता मार्च’ के तहत 11 नवंबर को एक विशाल पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश गांव-गांव और नागरिकों तक पहुँचाना है। इसको लेकर नगराधीश डॉ मंगल सेन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
विधायक होंगे मुख्य अतिथि
पदयात्रा में विधायक ओम प्रकाश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह यात्रा कादीपुर से आरंभ होकर सेका गांव से गुजरते हुए मंढाणा में संपन्न होगी। इसमें नारनौल और नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्रों के साथ जिला महेंद्रगढ़ के विभिन्न गांवों के नागरिक, युवा स्वयंसेवक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भागीदारी करेंगे।
स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारी
सीटीएम ने कहा कि यह मार्च केवल एक आयोजन नहीं बल्कि राष्ट्रीय भावना को सशक्त करने का प्रतीक है। इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं होगी। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए कि यात्रा के दौरान चिकित्सा दल, प्राथमिक उपचार सामग्री और एम्बुलेंस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस बैठक में डीएचई पूर्ण प्रभा, बीडीपीओ रेनू लता, माय भारत के युवा अधिकारी नित्यानंद यादव और आयोजन के कोऑर्डिनेटर वासुदेव यादव उपस्थित थे।