Skip to content

रेवाड़ी में भव्य गुरु तेग बहादुर नगर कीर्तन की तैयारियाँ तेज

रेवाड़ी, हरियाणा ।
नौवें सिख गुरु एवं श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित तीसरी यात्रा का रविवार, 16 नवंबर को रेवाड़ी में भव्य स्वागत किया जाएगा। यात्रा के भव्य स्वागत व अन्य व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी धार्मिक व सामाजिक संगठनों के सहयोग से व्यवस्थाएं की गई हैं ताकि यात्रा सुव्यवस्थित रूप से निकाली जा सके।

श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस को समर्पित विशाल नगर कीर्तन के लिए हिंदी/पंजाबी में एक प्रचार पोस्टर। पोस्टर पर गुरु तेग बहादुर जी का चित्र, शहीदी के दृश्य, 16 नवंबर 2025 की तारीख और रेवाड़ी में नगर कीर्तन का मार्ग दर्शाया गया है।
नौवें सिख गुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में निकाली जा रही ‘शहीदी यात्रा’ और विशाल नगर कीर्तन का प्रचार पोस्टर। यह यात्रा रविवार, 16 नवंबर 2025 को रेवाड़ी में प्रवेश करेगी।

डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में फरीदाबाद से शुरू हुई हिंद की चादर तीसरी यात्रा गुरुग्राम से होते हुए 16 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे रेवाड़ी जिला में प्रवेश करेगी। जिला रेवाड़ी में हिंद की चादर यात्रा कापड़ीवास, धारूहेड़ा से आगमन के बाद संत कुटिया उत्तम नगर दिल्ली रोड-धारूहेड़ा चुंगी-अम्बेडकर चौक-बस स्टैंड से होते हुए अग्रसेन चौक पर पहुंचेगी। अग्रसेन चौक पर सिख समाज द्वारा गतका प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। अग्रसेन चौक से नगर कीर्तन के साथ यात्रा शहर की पुरानी सब्जी मंडी-घंटेश्वर मंदिर-गोकल गेट-रेलवे चौक होते हुए सरकुलर रोड़ स्थित गुरूद्वारा सिंह सभा पहुंचेंगी। यात्रा गुरुद्वारा सिंह सभा से नाईवाली चौक होते हुए नारनौल के लिए प्रस्थान करेगी।

डीसी ने बताया कि यह यात्रा विभिन्न जिलों से होते हुए 24 नवंबर को कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। प्रदेश सरकार द्वारा हिंद की चादर श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर 25 नवंबर 2025 को जिला कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लाखों की संख्या में संगत भाग लेगी।

16 नवंबर को संडे मार्किट रहेगी पूर्णत बंद

जिला नगर आयुक्त ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में रविवार, 16 नवंबर को रेवाड़ी शहर में निकाले जाने वाली यात्रा व नगर कीर्तन के आयोजन को लेकर रविवार को शहर का संडे बाजार पूर्ण रूप से बंद रहेगा।