Skip to content

डीसी रेवाड़ी ने समाधान कैंप और सीएम विंडो शिकायतों की समीक्षा की

रेवाड़ी, हरियाणा।
डीसी अभिषेक मीणा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों को लंबित न रखते हुए तत्परता से समाधान करवाकर समाधान प्रकोष्ठ पोर्टल पर रिपोर्ट अपडेट करना सुनिश्चित करें। डीसी शुक्रवार को लघु सचिवालय सभागार में विभागाध्यक्षों के साथ समाधान शिविर और सीएम विंडो पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक से पहले नगर एवं ग्राम नियोजन, शहरी संपदा एवं ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एक कॉन्फ्रेंस हॉल में जिलाधीश अभिषेक मीणा (फॉरग्राउंड में पीठ किए हुए) विभागाध्यक्षों के साथ समाधान शिविर और सीएम विंडो शिकायतों की समीक्षा बैठक कर रहे हैं। टेबल पर एक टैबलेट और एक मॉनिटर पर डेटा प्रदर्शित है।
रेवाड़ी के लघु सचिवालय सभागार में डीसी अभिषेक मीणा अधिकारियों के साथ समाधान शिविर और सीएम विंडो पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए।

डीसी मीणा ने समाधान शिविर में आई शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि 60 दिन से पुरानी सभी लंबित शिकायतों का दो सप्ताह में समाधान करना सुनिश्चित करें अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। साथ ही डिजिटल प्लेटफार्म के माध्यम से अनेक पोर्टल जनसेवा को समर्पित किए गए हैं। इसके तहत आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायत पोर्टलों की प्रतिदिन निगरानी रखते हुए प्राप्त शिकायतों का शीघ्र समाधान करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही शिकायत के समाधान उपरांत एटीआर अवश्य अपलोड करें।

डीसी मीणा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार की ओर से जिला और उपमंडल स्तर पर लगाए जा रहे समाधान शिविर आमजन की शिकायतों के समाधान का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। समाधान शिविर के साथ ही जनसेवा के लिए सरकार के ऑनलाइन पोर्टल का उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है और लोगों को उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान मुहैया करवाना है। उन्होंने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए नियमित निगरानी और त्वरित कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। डीसी ने बताया कि मुख्यमंत्री आमजन से जुड़ी योजनाओं व सेवारत पोर्टल की स्वयं मॉनिटरिंग करते हैं, ऐसे में सभी विभागाध्यक्ष अपने विभाग से संबंधित शिकायतों को उक्त पोर्टल पर समाधान सुनिश्चित करने में सक्रियता बरतें। बैठक में एसडीएम रेवाड़ी सुरेश कुमार व सीटीएम जितेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।