Skip to content

संगवाडी स्किट टीम ने पानीपत महोत्सव में पहला पुरस्कार जीता

रेवाड़ी हरियाणा 

राज्य स्तर पर पानीपत में आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संगवाड़ी के विद्यार्थियों ने स्किट (लघु नाटिका) प्रतियोगिता में एक बार फिर जिले का नाम रोशन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यालय की इस उपलब्धि पर डीसी अभिषेक मीणा ने बधाई देते हुए जिले के लिए गौरवशाली बताया और विद्यार्थियों को आगे भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए जिला व विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं विद्यालय के विद्यार्थियों का गांव में पहुंचने पर ग्राम पंचायत संगवाड़ी रामसिंह छाबरी के द्वारा ढ़ोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया।

राज्य स्तरीय स्किट प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संगवाड़ी की विजेता टीम और शिक्षकों/अधिकारियों का एक समूह खुले मैदान में अभिनंदन के दौरान पुरस्कार के साथ खड़ा है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संगवाड़ी की स्किट (लघुनाटिका) टीम को राज्य स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर गांव संगवाड़ी में भव्य स्वागत के दौरान।

विद्यालय की प्राचार्य डॉ. ज्योत्स्ना यादव ने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक महोत्सव में लगातार दूसरी बार राज्य में अपना परचम लहराया है। इस उपलब्धि के लिए समस्त स्टाफ, प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं और विद्यालय परिवार के निरंतर सहयोग का बड़ा योगदान रहा। टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने रेवाड़ी जिले की प्रतिभा और अनुशासन का शानदार परिचय दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे आगे भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम ऊंचा करते रहेंगे। डॉ. ज्योत्सना यादव ने बताया कि यह नाटिका लुप्त होती सांग परम्परा को जीवंत करने का प्रमाण रहा है।